
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) केन्द्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल 14 से 16 सितम्बर तक जी20 ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका जाएंगे जहां वह ऊर्जा सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला जैसे मुद्दों पर भारत का पक्ष रखेंगे।
इस बैठक का आयोजन अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में हो रहा है। अमेरिका की मेजबानी में आयोजित जी20 की अध्यक्षता वाली इस बैठक में जी20 सदस्य देशों के ऊर्जा मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसमें वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा, ऊर्जा की कीमतों, अवसंरचना विकास और सुदृढ़ ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
विद्युत मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि श्री लाल तीन प्रमुख विषयों पर आयोजित मंत्रिस्तरीय सत्रों में भाग लेंगे। इन सत्रों में ऊर्जा सुरक्षा, नियामकीय दक्षता और महत्वपूर्ण खनिजों एवं उनकी आपूर्ति श्रृंखला पर चर्चा होगी। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री भारत के उस दृष्टिकोण को उजागर करेंगे, जिसके तहत एक सुदृढ़ और भविष्य के लिए तैयार ऊर्जा प्रणाली का निर्माण किया जा रहा है, जो देश की तेजी से बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हो।
इसके साथ ही, वह संस्थागत और नीतिगत सुधारों के माध्यम से अनुमति प्रदान करने और नियामक दक्षता बढ़ाने में देश के अनुभव को साझा करेंगे तथा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में विविधीकरण, चक्रीयता और संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने पर भारत के विशेष मकसद को रेखांकित करेंगे।
मंत्रालय का कहना है कि श्री लाल की भागीदारी उभरती वैश्विक ऊर्जा चुनौतियों से निपटने में रचनात्मक अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सामूहिक कार्रवाई के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करेगी। भारत व्यावहारिक, समावेशी और प्रौद्योगिकी-तटस्थ दृष्टिकोणों की वकालत करता रहेगा, जो विभिन्न देशों की परिस्थितियों का सम्मान करते हुए सभी के लिए सुरक्षित, किफायती, विश्वसनीय, सुदृढ़ और टिकाऊ ऊर्जा प्रणालियों को आगे बढ़ाएं।
