कोलंबो, 12 अगस्त (वार्ता) श्रीलंका में विभिन्न मादक पदार्थ से जुड़े अपराधों के लिए एक जनवरी से 11 अगस्त के बीच सवा लाख लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लोक सुरक्षा मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने सोमवार देर रात बताया कि इनमें से 39,627 लोगों को हेरोइन और उससे संबंधित अपराधों के लिए, 47,615 लोगों को क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (आईसीई) रखने के लिए और 42,620 लोगों को गांजा से जुड़े अपराधों के लिए गिरफ्तार किया गया।
बयान में कहा गया है कि सरकारी अधिकारियों ने 934.55 किलो हेरोइन, 1,402.9 किलो आईसीई और 11,620 किलो गांजा भी जब्त किया।
मंत्रालय ने कहा कि वह अपने अभियान जारी रखेगा, जिसमें श्रीलंकाई पुलिस और तीनों बलों को तैनात किया जाएगा ताकि देश भर में नशीली दवाओं के खतरे को खत्म किया जा सके, संगठित अपराध को दबाया जा सके और दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
