फिलीपींस के बचावकर्मी आग लगने के 40 घंटे बाद जलते हुए जहाज पर पहुंचे

मनीला, 11 सितंबर (वार्ता) फ़िलीपींस के बचावकर्मी एक जहाज में भयंकर आग लगने के 40 घंटे से ज़्यादा समय के बाद दर्जनों लापता लोगों की तलाश में एमवी जून एस्टर पर पहुंचने में सफल रहे हैं।
इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है और 43 लोगों को बचाया गया है। इनमें से कई लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस दुर्घटना में अभी भी 84 लोग लापता हैं। शुक्रवार सुबह तटरक्षक बल की ओर से जारी की गई तस्वीरों में जहाज से अभी भी धुआं निकलता दिख रहा है; यह नाव राजधानी मनीला से कोरोन द्वीप जा रही थी। बुधवार को खोज एवं बचाव अभियान शुरू होने के बाद से ही ज़हरीली गैसों और गर्मी की वजह से अधिकारियों को जहाज़ पर चढ़ने में मुश्किल हो रही थी। तटरक्षक बल के अनुसार, वे आखिरकार शुक्रवार को करीब 11:30 बजे उस पर चढ़ने में कामयाब रहे।

तटरक्षक बल की प्रवक्ता नोएमी कायाब्याब ने पहले बीबीसी को बताया था, “हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती जहाज़ के अंदर घुसना है क्योंकि वहां अभी भी घना धुआं साफ़ दिखाई दे रहा है। हम चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, ज़्यादा तापमान और ज़हरीला धुआँ हमारे कर्मचारियों के लिए गंभीर ख़तरा है।”
इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि 86 लोगों का पता नहीं चल पाया है लेकिन आज सुबह तक यह संख्या 84 हो गई। अधिकारियों का कहना है कि जिन दो यात्रियों के नाम जहाज़ की यात्री सूची में थे, वे जहाज़ पर सवार ही नहीं हुए थे।

सुश्री कायाब्याब ने कहा कि बचाव दल ने अपना तलाशी का दायरा बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि तटरक्षक बल ने अपने सबसे बड़े जहाजों में से एक को तैनात किया है और इलाके में मौजूद जहाजों को रेडियो पर संदेश भेजे हैं। तलाशी टीमों के साथ गोताखोर और नर्स भी मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि आग बुझाने की कोशिशें फिर से शुरू करने की योजना है और इसकी शुरुआत जहाज के कार्गो से की जाएगी, यह वह हिस्सा है जहां कंटेनर या सामान रखा जाता है।इससे पहले, तटरक्षक बल ने कहा कि बचे हुए लोगों से शुरुआती बातचीत से पता चलता है कि आग कार्गो में लगी थी। उन्होंने बताया कि कुछ यात्रियों ने जीवन रक्षक जैकेट नहीं पहने थे। मनीला से रवाना हुआ जहाज पलावन प्रांत के पर्यटक स्थल कोरोन में अपने गंतव्य के करीब पहुंच रहा था तभी उसमें आग लग गई। फिलीपींस का समुद्री प्राधिकरण घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहा है।

.....

Next Post

ग्लोबल फिनटेक समिट-2026: उद्यमों के लिए भारतपेएक्स ने पेश किया भुगतान गेटवे

Fri Sep 11 , 2026
मुंबई, 11 सितंबर (वार्ता) उद्यमों के लिए भारतपे के भुगतान मंच भारतपेएक्स ने शुक्रवार को यहां ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 में अपना एक पेमेंट गेटवे को पेश करने की घोषणा की जो भुगतान स्वीकार करने, लेनदेन को कार्ड आदि से दूसरे के लिए भुगतान स्वीकार करने वाले बैंकों या […]

You May Like

मनोरंजन