
रीवा, रीवा शहर में जहां चलती ऑटो में यात्रियों को अपना निशाना बनाने वाले एक शातिर गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ी है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑटो में जेब काटने और मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने इनके पास से एक संदिग्ध ऑटो भी जब्त किया है, जिससे ये वारदातों को अंजाम देते थे।
दरअसल, रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चलती ऑटो के भीतर लूट और जेबकतरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। हाल ही में रेलवे स्टेशन जा रहे एक दंपती को इन शातिर बदमाशों ने अपना शिकार बनाया था। चलती ऑटो में दंपती की जेब काटकर बदमाशों ने बड़ी ही सफाई से 50 हजार रुपये पार कर दिए थे, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी।
इस बड़ी वारदात के बाद आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने शहर में मोबाइल लूट की घटना को भी अंजाम दे डाला।
पुलिस लगातार इन हुड़दंगियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच बीती रात यह गैंग एक बार फिर सक्रिय हुआ। ऑटो में बैठे एक अन्य व्यक्ति की जेब काटने का ये आरोपी प्रयास कर रहे थे। लेकिन इस बार पासा उल्टा पड़ गया। पीड़ित व्यक्ति को भनक लग गई और उसने तुरंत शोर मचा दिया।
आधी रात को शोर शराबा सुनते ही इलाके में मुस्तैद खड़ी सिविल लाइन पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिस जवानों ने बिना वक्त गंवाए संदिग्ध ऑटो का पीछा किया और घेराबंदी कर संदेहियो को मौके पर ही धर दबोचा।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध ऑटो को भी पुलिसिया कस्टडी में ले लिया है।
पुलिस अब इन संदिग्धो से बेहद कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान शहर में हुई कई अन्य चोरी, जेबकतरी और लूट की बड़ी वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
