बेल्जियम में बिजली गुल होने से 20 हजार परिवार प्रभावित

ब्रसेल्स, 05 नवंबर (वार्ता) बेल्जियम के ईस्ट फ्लैंडर्स प्रांत की चार नगरपालिकाओं में बृहस्पतिवार को बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब 20 हजार परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए। सार्वजनिक प्रसारक वीआरटी के अनुसार, स्थानीय प्रशासन और ऊर्जा वितरण कंपनी फ्लुवियस ने यह जानकारी दी। बिजली कटौती से जोटिगेम, हेरजेले, एर्पे-मेरे और ब्राकेल नगरपालिकाएं प्रभावित हुईं। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8:50 बजे एलिया की एक उच्च-वोल्टेज केबल क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण जोटिगेम स्थित बिजली वितरण का एक प्रमुख सबस्टेशन ठप पड़ गया।

इस घटना से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करने वाले करीब 400 वितरण सबस्टेशन प्रभावित हुए और हजारों घरों की बिजली गुल हो गई। फ्लुवियस ने कहा कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल यह बताना संभव नहीं है कि इसमें कितना समय लगेगा। कंपनी ने कहा, ” इस बिजली कटौती का निश्चित रूप से व्यापक असर पड़ा है। स्थिति को सामान्य करने के लिए हम पूरी ताकत से काम कर रहे हैं। ”

जोटिगेम की मेयर एवलिन डी बोथ ने बताया कि स्थिति का आकलन करने और राहत कार्यों के समन्वय के लिए आपातकालीन सेवाओं के अधिकारियों की एक संकट बैठक भी आयोजित की जा रही है। बिजली कटौती से जोटिगेम का एजे सिंट-एलिजाबेथ अस्पताल भी प्रभावित हुआ, जहां आपातकालीन जनरेटर सभी चिकित्सा उपकरणों को बिजली उपलब्ध कराने में सक्षम नहीं था।
अस्पताल में पहले से निर्धारित सभी चिकित्सा प्रक्रियाएं रद्द कर दी गईं। अस्पताल के मुख्य चिकित्सक मैनुअल वाल्के ने मरीजों को किसी अन्य अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी।

.....

Next Post

ओंकारेश्वर में नगर परिषद की बैठक: पूरे शहर में होगा हल्का गेरुआ रंग, पार्किंग और चौराहों के बदले नाम

Thu Nov 5 , 2026
ओंकारेश्वर, नगर परिषद कार्यालय ओंकारेश्वर में आज विकास और जनसुविधाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण सामान्य विचार-विमर्श बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, पार्षद प्रतिनिधि और एल्डरमैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान धार्मिक नगरी के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई […]

You May Like