
राघौगढ़/गुना। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार सुबह पार्वती नदी पार कर राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। दिग्विजय सिंह के परंपरागत राजनीतिक गढ़ राघौगढ़ में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर जयवर्धन सिंह की पत्नी सृजाम्या सिंह और पुत्र सहस्रजय सिंह भी मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने पीपलखेड़ी गांव में आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी टंट्या भील की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे। पारंपरिक जनजातीय लोकनृत्यों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया भी लोक कलाकारों के साथ शामिल हुए।
यात्रा में पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह, पूर्व मंत्री ओंकार सिंह मरकाम, विधायक डॉ. हीरालाल अलावा, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
यात्रा का उद्देश्य प्रमुख धार्मिक संस्थानों, विशेषकर राम मंदिर में प्राप्त दान और चढ़ावे के उपयोग में कथित अनियमितताओं को लेकर जनजागरूकता पैदा करना तथा दान की राशि के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
यात्रा के 16वें दिन भी लोगों का उत्साह और समर्थन देखने को मिला। जयवर्धन सिंह ने बताया कि गुरुवार, 5 नवंबर को सुबह 8 बजे बरखेड़ा से यात्रा का अगला चरण शुरू होगा। इससे पहले स्थानीय गौशाला में पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण किया जाएगा।
