
बैतूल। शहर के लल्ली चौक पर रविवार सुबह गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गोला गणेश समिति की प्रतिमा के साथ चल रहे वन विभाग के कर्मचारी संजीव गवांडे अचानक बेहोश हो गए। तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, फॉरेस्ट गार्ड संजीव गवांडे लंबे समय से प्रतिमा के साथ लगातार खड़े थे, जिससे थकान और गर्मी के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल सूत्रों ने पुष्टि की है कि उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था। घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस के दौरान प्रतिमा के आगे न बढ़ पाने से भीड़ ने रास्ता रोक लिया था। बेहोश वनकर्मी को ले जाने में बाधा आने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। हालांकि कुछ लोगों ने इसे लाठीचार्ज की अफवाह के रूप में फैलाया, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ, केवल रास्ता साफ कराया गया।
घटना के बाद जुलूस को दोबारा व्यवस्थित किया गया और विसर्जन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
