स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

आगर-मालवा,  जिले के सुसनेर में नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के बाद डग रोड स्थित आईटीआई कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर गुरुवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए. दरअसल आईटीआई कॉलेज के बाहर तंबू के नीचे कांग्रेसी पहरा दे ही रहे थे कि करीब 1 बजे स्ट्रांग रूम के बाहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो व्यक्तियों के बिना पास अंदर जाने को लेकर आपत्ति जताई.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के साथ-साथ आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद हैं. ऐसे में बिना किसी पास के दो व्यक्तियों को अंदर भेजे जाने की आवश्यकता क्यों पड़ी. इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार, विधायक प्रतिनिधि व एडवोकेट राणा चितंरजन सिंह, दीपक राठौर, दीपक भावसार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने मामले को लेकर आपत्ति दर्ज कराई. कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार ने तो यह तक कहा कि उन दोनों व्यक्तियों के पास सीधे कलेक्टर का फोन आ रहा था. जब किसी भी व्यक्ति को फोन अंदर ले जाने की अनुमति ही नहीं है, तो फिर भी वे फोन समेत अंदर क्यों जा रहे थे. इसके बाद मामला एसडीएम कार्यालय पहुंचा. यहां निर्वाचन अधिकारी देवकुंवर सोलंकी ने कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार और उनके कार्यकर्ताओं को पूरे मामले की जानकारी दी. निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मतगणना की तैयारियों से संबंधित तकनीकी व्यवस्था को देखने और समस्या दूर करने के लिए व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी को उनके द्वारा ही आईटीआई कॉलेज में भेजा गया था. अधिकारी की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने और एसडीएम की समझाईश के बाद मामला शांत हुआ. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वापस लौटे.

इनका कहना…

मतगणना की तैयारी के संबंध में हमने पीडब्ल्यूडी को पत्र जारी किया था, जिसके आधार पर दो कर्मचारी आईटीआई कॉलेज गए थे. कांग्रेस प्रत्याशी व कार्यकर्ताओं को बुलाकर स्थिति स्पष्ट कर दी गई है कि वे शासकीय कर्मचारी थे. अन्य कोई बाहरी व्यक्ति नहीं था. मामला पूरी तरह शांत हो चुका है.

– देव कुंवर सोलंकी, एसडीएम, सुसनेर

Next Post

फेम गुरुकुल के विद्यार्थियों ने लहराया परचम

Fri Oct 2 , 2026
मक्सी,  राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता के लिए अंडर 14 रग्बी में फेम गुरुकुल एकेडमी की 3 छात्राओं का चयन हुआ. जिसमें कुण्पलक, हिमांशी चौहान, वैष्णवी पटेल, अंडर 17 में प्रियांशी पाटीदार, वॉलीबॉल अंडर 17 में विवेक पटेल और एथलेटिक्स गोला फैंक अंडर 17 में ध्रुव जलोदिया का चयन हुआ. रग्बी […]

You May Like