लाहौर, 05 जून (वार्ता) शाहीन शाह अफरीदी (तीन विकेट) के बाद बाबर आजम (40) और शादाब खान (नाबाद 29) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में 49 गेंदें शेष रहते ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हरा दिया। इसी के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने लाहौर की जबरदस्त टर्न वाली पिच पर हिम्मत और धर्य के साथ खेलते हुए 41.5 ओवरों में छह विकेट पर 161 रन बनाकर मुकाबला और सीरीज अपने नाम की। पाकिस्तान के लिए बाबर आजम ने सर्वाधिक 40 रनों की पारी खेली। माज सदाकत (27), आगा सलमान (15) रन बनाकर आउट हुये। इसके अलावा अब्दुल समद ने (नाबाद 18) और शादाब खान (नाबाद 29) रनों की जूझारु पारी खेल कर अपनी टीम को जीत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुनमन ने तीन विकेट लिये। नेथन एलिस, मैथ्यू शॉट और मैट रेनशॉ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले गुरुवार रात खेले गये मुकाबले में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को 42 ओवरों में 157 रन पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान जॉश इंग्लिस ने सर्वाधिक 65 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। शाहीन शाह अफरीदी ने पहले ही ओवर में मैथ्यू शॉर्ट (शून्य) को आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये मार्नस लाबुशेन ने जॉश इंग्लिस के साथ पारी को संभलाने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई। 12वें ओवर में मार्नस लाबुशेन (19) के रनआउट होने पर यह साझेदारी टूटी।
एलेक्स कैरी (19), एडम जम्पा (10) रन बनाकर आउट हुये। 27वें ओवर में शाहीन शाह अफरीदी ने जॉश इंग्लिस को आउटकर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण के आगे बिखर गई। 42वें ओवर की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर गाजी गौरी ने नेथन एलिस (एक) रनआउट कर ऑस्ट्रेलिया की पारी का 157 के स्कोर पर अंत कर दिया। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी ने तीन विकेट लिये। शादाब खान और अबरार अहमद को दो-दो विकेट मिले। हरिस रऊफ ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

