
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग एवं संभागस्तरीय उड़नदस्ता रीवा की टीम ने शनिवार को कार्रवाई की। वृत्त मोरवा और बैढ़न अंतर्गत सिल्फोरी एवं बिलौंजी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के साथ अवैध मदिरा बिक्री के ठिकानों पर जांच की गई। कार्रवाई के दौरान राकेश गुर्जर, कौशल्या देवी खैरवार और रामनरेश शाह के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 28.98 बल्क लीटर देशी मदिरा, 1.98 बल्क लीटर विदेशी मदिरा, 8 बल्क लीटर बीयर तथा 5 लीटर हाथभट्टी मदिरा बरामद की। जप्त मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 22 हजार 396 रुपये बताई गई है। मामले में धारा 34(1)(क) के तहत कुल तीन प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
