
सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न के गनियारी में निर्माणाधीन पीजी कॉलेज परिसर में 400 सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण को एनसीएल ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए एनसीएल द्वारा 12 करोड़ 18 लाख 31 हजार 490 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
गनियारी में विकसित हो रहे इस नए शैक्षणिक परिसर को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त कैंपस के रूप में विकसित करने की दिशा में कलेक्टर द्वारा ऑडिटोरियम का प्रस्ताव तैयार कराया गया था। प्रस्ताव को एनसीएल के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के बाद लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप अब इसे सीएसआर के तहत स्वीकृति प्राप्त हुई है। एनसीएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 22 अगस्त को हुई 320वीं बैठक में सीएसआर कमेटी की अनुशंसा पर इस परियोजना को मंजूरी दी गई है।
