हैदराबाद | बॉलीवुड की ‘पठान’ जोड़ी शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण एक बार फिर बड़े पर्दे पर आग लगाने के लिए तैयार हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग इन दिनों साउथ अफ्रीका के खूबसूरत लोकेशन्स पर चल रही है। सेट से हाल ही में कुछ तस्वीरें लीक हुई हैं, जिनमें दीपिका पादुकोण अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी के बावजूद काम के प्रति पूरी तरह समर्पित नजर आ रही हैं। वायरल तस्वीरों में शाहरुख खान और दीपिका एक-दूसरे का हाथ थामे चलते दिख रहे हैं, जिसे देखकर फैंस कयास लगा रहे हैं कि यह किसी रोमांटिक गाने का सीक्वेंस है।
प्रेग्नेंसी के अनाउंसमेंट के बाद से ही दीपिका पादुकोण लगातार चर्चा में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दीपिका न केवल फिल्म ‘किंग’ के लिए एक विशेष गाने की शूटिंग कर रही हैं, बल्कि वे कुछ हाई-ऑक्टेन एक्शन और क्लाइमेक्स सीन्स का भी हिस्सा होंगी। सूत्रों का कहना है कि दीपिका अपनी पूरी प्रेग्नेंसी के दौरान शूटिंग जारी रखेंगी। भारत लौटने के बाद उनके अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली की फिल्म ‘राका’ के सेट पर भी शामिल होने की संभावना है। काम के प्रति उनकी यह प्रतिबद्धता उनके चाहने वालों के बीच प्रेरणा का विषय बनी हुई है।
फिल्म ‘किंग’ शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान के लिए बेहद खास है, क्योंकि इसी फिल्म से वह अपना थिएटर डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म में शाहरुख, दीपिका और सुहाना के अलावा अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और अनिल कपूर जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए शेड्यूल की गई है। दर्शकों को शाहरुख और दीपिका की ब्लॉकबस्टर केमिस्ट्री एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार है।

