
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बुधवार शाम स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री के कार्यों एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दिनभर में हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा लंबित शिकायतों के निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिक जवाब देकर नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान करके किया जाए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने कई शिकायतकर्ता से फोन पर सीधे बात कर उनकी समस्या जानी। शिकायतकर्ता मुन्नालाल ने बताया कि उन्होंने आर्थिक सहायता के लिए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन 60 दिन बीत जाने के बाद भी उनकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। कलेक्टर विश्वकर्मा द्वारा संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी लेने में सामने आया कि संबंधित आदेश पत्रक पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण कार्रवाई लंबित थी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार से जवाब तलब करते हुए कहा कि यदि आदेश पत्रक पर हस्ताक्षर नहीं थे तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाना चाहिए था अथवा अपने स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अधिकारी की मॉनिटरिंग में कमी के कारण मुन्नालाल को लंबे समय तक परेशान होना पड़ा। उन्होंने इस मामले में लापरवाही करने वाले संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आर्थिक सहायता से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश
दिए।
