भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 1 जून को देश के 20 से अधिक राज्यों में आंधी, बिजली और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, केरल की ओर मानसून तेजी से बढ़ रहा है।
देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है, जिससे चिलचिलाती गर्मी और लू झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने के कारण उत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विभाग ने 1 जून को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत देश के 20 से अधिक राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई है।
तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार बढ़ गई है और अगले 3 से 4 दिनों के भीतर केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो सकता है।
फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा अरब सागर और अंडमान सागर के कई हिस्सों तक पहुंच चुकी है, जहां परिस्थितियां इसके आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।
कैसा रहेगा उत्तर भारत और दिल्ली का मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों का डेरा रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, मौसम विभाग का यह भी अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में फिर से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के भी पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 1 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में ओलावृष्टि और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
पूर्वी भारत में आंधी-तूफान का अलर्ट
पूर्वी भारत में ओडिशा पर मौसम विभाग की विशेष नजर है, जहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली आंधी के साथ ओले गिर सकते हैं। बिहार और झारखंड में भी प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। झारखंड के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जो किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है लेकिन बिजली गिरने के जोखिम के कारण लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण और मध्य भारत में मौसम का हाल
मौसम दक्षिण भारत के राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में मौसम का कड़ा रुख देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से पश्चिमी मध्य प्रदेश में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट दिया गया है। राजस्थान में भी धूल भरी आंधी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
