कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल ) को 12 किलोमीटर लंबे बाराानगर-बैरकपुर मेट्रो गलियारे के लिए कोलकाता नगर निगम (केएमसी) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने का स्वागत किया है।
‘पिंक लाइन’ कहलाने वाला यह गलियारा बीटी रोड के रास्ते बनाया जाएगा। श्री अधिकारी ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि इस मंज़ूरी से कोलकाता के उत्तरी उपनगरों में तेज़ रफ़्तार सार्वजनिक परिवहन के विस्तार में मदद मिलेगी। उन्होंने इस एनओसी को आगे की ओर एक अहम कदम बताया, जिससे यात्रा के समय में भारी कमी आएगी, मुख्य सड़कों पर यातायात जाम कम होगा और यात्रियों को सुरक्षित तथा आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।श्री अधिकारी ने कहा कि इस परियोजना में शहर की पीने के पानी की आपूर्ति को सुरक्षित रखने और साथ ही मेट्रो अवसंरचना के लिए रास्ता बनाने के मकसद से एक खास पानी की पाइपलाइन बनाना भी शामिल है। उन्होंने इस व्यवस्था को तालमेल वाली कोशिशों और टिकाऊ विकास का एक उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं बीटी रोड के किनारे बाराानगर-बैरकपुर मेट्रो गलियारे (पिंक लाइन) के लिए केएमसी द्वारा ‘एनओसी जारी किए जाने का दिल से स्वागत करता हूं।” उन्होंने कहा कि 12 किलोमीटर लंबे गलियारे पर हो रही प्रगति यह दिखाती है कि पूरी लगन के साथ किए गए प्रशासनिक प्रयासों से क्या हासिल किया जा सकता है।
साथ ही, उन्होंने परिवहन के विस्तार के साथ-साथ ज़रूरी नागरिक अवसंरचना पर भी ध्यान देने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नयी पाइपलाइन से शहर की पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी और मेट्रो परियोना में भी आसानी होगी।
श्री अधिकारी ने कहा, “भाजपा सरकार के नेतृत्व में,नागरिक निकायों, राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल से यह सुनिश्चित होगा कि जनता के हित वाले ज़रूरी परियोजाएं तेज़ी से पूरे हों और उनमें कोई रुकावट न आए।”
