सीहोर। एक कार्यक्रम के दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण की तुलना के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में दिए गए आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वक्तव्य के विरोध में यादव महासभा ने थाना कोतवाली पहुंचकर आवेदन सौंपा.
समाजजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित के विरुद्ध प्रचलित कानून के अनुसार कार्रवाई एवं एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. महासभा के अध्यक्ष घनश्याम यादव ने बताया कि करेरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में कथित रूप से ऐसे शब्दों एवं वक्तव्यों का प्रयोग किया गया, जिससे यादव समाज सहित भगवान श्रीकृष्ण में आस्था रखने वाले करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.
समाजजनों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल यादव समाज ही नहीं, बल्कि देश और विश्व के करोड़ों लोगों की आस्था एवं श्रद्धा के केंद्र हैं. उनके संबंध में किसी भी प्रकार की अपमानजनक अथवा भड़काऊ टिप्पणी से धार्मिक एवं सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. इस घटना को लेकर यादव समाज में गहरा रोष व्याप्त है. यादव समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से संबंधित वक्तव्य एवं उपलब्ध वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस प्रकार के वक्तव्यों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की.
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में उमेश यादव, गेंदालाल यादव, धर्मेंद्र यादव, गब्बर पहलवान, तारा यादव, गोपाल यादव, रमेश यादव, सूरज यादव, चुन्नीलाल यादव, सुनील यादव, नीरज यादव, लक्ष्मण यादव एवं विजय यादव सहित बड़ी संख्या में यादव समाजजन उपस्थित थे.
