शिवपुरी: पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.53 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है।पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने एक विशेष टीम का गठन किया था।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शिवपुरी रेलवे स्टेशन के पास स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रिंकू रजक (30 वर्ष), पिता सियानंद रजक, निवासी हनुमान मंदिर के पास, फतेहपुर, शिवपुरी बताया। तलाशी लेने पर उसकी लोअर की बाईं जेब से एक पारदर्शी पन्नी में रखी 11.53 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, जब्त स्मैक की कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए है।
