
ग्वालियर। दीपावली पर घर पहुंचने की जल्दी में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्वालियर से भोपाल, दिल्ली, कानपुर, इंदौर और जबलपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी है। 6 और 7 नवंबर को सफर करने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। कई ट्रेनों में स्लीपर श्रेणी में भी लंबी वेटिंग चल रही है।
रेलवे की ऑनलाइन उपलब्धता के अनुसार, भोपाल एक्सप्रेस (12156) में 6 नवंबर को स्लीपर में वेटिंग 138 और 7 नवंबर को वेटिंग 108 है। जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12192) में 6 नवंबर को वेटिंग 9 और 7 नवंबर को चार है। वहीं मालवा एक्सप्रेस (12919) में 6 नवंबर को वेटिंग 34 और 7 नवंबर को वेटिंग 22 पहुंच गई है।
बसें भी खचाखच चल रही हैं
ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण अब यात्रियों का रुख बसों की ओर हो रहा है। ग्वालियर बस स्टैंड से भिंड, मुरैना, छतरपुर, सागर, टीकमगढ़, इंदौर, उ’जैन, भोपाल, जबलपुर और रीवा सहित कई शहरों के लिए बसों का संचालन होता है। बस स्टैंड पर भी बसों में भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ है। खासकर स्लीपर बसों में यात्रियों को सीट पाने के लिए अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि दीपावली के चलते स्लीपर बसों का किराया दो से तीन गुना तक बढ़ा दिया गया है। परिवार के साथ सफर करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
