
मनासा। मनासा क्षेत्र के ग्राम आंत्रीबुजुर्ग स्थित प्रसिद्ध आंतरी माता मंदिर की दान पेटी तोडक़र उसमें रखी नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारियों ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और मनासा पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में दान पेटी से करीब 5 से 7 लाख रुपये चोरी होने का आरोप लगाया गया है।
दो दिन बाद मंदिर पहुंचे तो टूटी मिली दान पेटी-
आवेदन के अनुसार सुरेंद्रसिंह पिता उदयसिंह राजपूत और भारतसिंह पिता नारायणसिंह राजपूत, दोनों निवासी ग्राम आंत्रीबुजुर्ग, मंदिर में पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी निभाते हैं। इस वर्ष नवरात्रि में पूजा-अर्चना का ओसरा सुरेंद्रसिंह का था। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि वे दो दिनों से बाहर गए हुए थे। 26 अक्टूबर 2026 को दोपहर में वापस लौटकर मंदिर पहुंचे तो दान पेटी टूटी हुई और खाली मिली। उनके अनुसार दान पेटी में लगभग 5 से 7 लाख रुपये रखे हुए थे।
शासकीय कर्मचारियों की मौजूदगी में खुलती है दान पेटी-
शिकायत में बताया गया है कि मंदिर की दान पेटी प्रतिवर्ष नायब तहसीलदार, टप्पा कुकड़ेश्वर, गांव के चौकीदार, पटवारी सहित अन्य शासकीय कर्मचारियों की मौजूदगी में खोली जाती है। इसमें जमा राशि शासन के खाते में जमा कराई जाती है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दान पेटी से राशि निकालकर शासन की राशि का भी गबन किया गया है। उन्होंने आवेदन में कुछ लोगों के नामों का उल्लेख करते हुए उनके साथियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
पुजारी परिवार के आपसी विवाद से जुड़ा मामला-
जानकारी के अनुसार यह मामला पुजारी परिवार के आपसी विवाद से भी जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई थी।
