
जबलपुर। घंटाघर स्थित कॉफी हाउस में राष्ट्रीय यादव महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह यादव ने की।
इस दौरान कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा मंच से भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में की गई टिप्पणियों पर गहरी नाराजगी एवं आपत्ति व्यक्त की गई।
उपस्थित सामाजिक पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण यादव समाज सहित करोड़ों श्रद्धालुओं के आराध्य हैं। उनके संबंध में इस प्रकार की टिप्पणियां धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हैं।
बैठक में राष्ट्रीय यादव महासभा ने निर्णय लिया कि धीरेंद्र शास्त्री द्वारा की गई टिप्पणियों के विरोध में राष्ट्रीय यादव महासभा उनके कार्यक्रमों का बहिष्कार करेगी और समाज के लोगों से भी उनके कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने की अपील करेगी।
कल एसपी से भेंट कर उठेगी कार्रवाई की मांग
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 5 नवंबर गुरुवार को दोपहर 2:00 बजे राष्ट्रीय यादव महासभा का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जबलपुर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक महोदय को ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन के माध्यम से कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध धार्मिक भावनाएं आहत करने के संबंध में शिकायत दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान और करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है। किसी भी कथावाचक या व्यक्ति को मंच से ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए जिससे किसी समाज की आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंचे।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान प्रमुख रूप से जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह यादव, रामरतन यादव, घनश्याम यादव, पवन यादव, अशोक यादव, नीलचंद यादव, डॉ. बालमुकुंद यादव, शुभम यादव, भानु यादव, देवांश यादव, एडवोकेट प्रभात यादव, अजय यादव, देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय यादव महासभा के सामाजिक साथी उपस्थित रहे।
