स्विगी ने 25 इंस्टामार्ट केंद्रों पर शुरू की बैटरी बदलने और ईवी किराये पर देने की सुविधा

नयी दिल्ली, 04 नवंबर (वार्ता) ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी ने इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने और लास्ट-माइल डिलीवरी को किफायती बनाने के लिए अपने 25 इंस्टामार्ट केंद्रों पर बैटरी बदलने की सुविधा शुरू की है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में कंपनी ने मंगलवार को यहां आयोजित ईवी मोबिलिटी सम्मेलन के दौरान इन पहलों की घोषणा की। इस पहल के तहत कंपनी ने इन केंद्रों से ही डिलीवरी पार्टनर्स को किराये पर इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की है। ‘पावरिंग द लास्ट माइल’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में ईवी निर्माता, चार्जिंग एवं बैटरी स्वैपिंग सेवा प्रदाता, वाहन किराया कंपनियां, वित्तीय संस्थान और डिलीवरी पार्टनर्स शामिल हुए।

स्विगी के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक तथा ग्रुप सीईओ श्री हर्ष मजेटी के अनुसार, डिलीवरी पार्टनर्स अपने ऑर्डर लेने के लिए दिन में औसतन करीब 20 बार इंस्टामार्ट पॉड्स पर आते हैं। ऐसे में वहीं बैटरी बदलने और ईवी किराये पर लेने की सुविधा मिलने से उन्हें वाहन चार्ज कराने या लेने के लिए अलग से आने-जाने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी के ऐप पर 50 से अधिक रेंटल और ईवी इकोसिस्टम पार्टनर्स उपलब्ध हैं। डिलीवरी पार्टनर्स दैनिक, साप्ताहिक और मासिक आधार पर वाहन किराये पर ले सकते हैं और इसका भुगतान उनके डिलीवरी पे-आउट से काटा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि कंपनी का उद्देश्य डिलीवरी पार्टनर्स के काम को आसान और अधिक लाभदायक बनाना है। उन्होंने कहा कि ईवी अपनाने के रास्ते में आने वाली रोजमर्रा की बाधाओं को दूर कर इसे उनके कामकाज का स्वाभाविक हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

श्री गडकरी ने इस दौरान ईवी अपनाने वाले डिलीवरी पार्टनर्स और इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास में योगदान देने वाली कंपनियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। सम्मेलन के दौरान जिन प्रमुख कंपनियों को सम्मानित किया गया उनमें इंडोफास्ट एनर्जी, युलु, बाउंस डेली, राइडईवी, बाज़ बाइक्स, मोटोवोल्ट, शैडोफैक्स, बीगॉस ऑटो, वीलो मोबिलिटी, हाला मोबिलिटी और युमा एनर्जी शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान स्विगी की द्विपहिया इलेक्ट्रिक वाहन चलाने वाली टीम के सदस्यों को हेलमेट भी वितरित किये और उन्हें बराबर द्विपहिया वाहन चलाने की हिमायत दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, कुशल और किफायती परिवहन भारत के विकास के लिए महत्वपूर्ण है तथा सरकार और उद्योग को मिलकर ईवी अपनाने की प्रक्रिया को डिलीवरी पार्टनर्स के लिए आसान बनाना चाहिए।

.....

Next Post

रेडीमेड गारमेंट क्षेत्र के श्रमिकों को जनवरी से मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन

Wed Nov 4 , 2026
ढाका, 04 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश के रेडीमेड गारमेंट (आरएमजी) क्षेत्र के श्रमिकों को जनवरी 2027 से बढ़ा हुआ वेतन मिलने लगेगा। इसके लिए नया वेतन ढांचा दिसंबर में लागू किया जाएगा। पुनर्गठित न्यूनतम वेतन बोर्ड की बुधवार को हुई पहली बैठक के बाद नियोक्ता प्रतिनिधि एबीएम शम्सुद्दीन और श्रमिक प्रतिनिधि […]

You May Like