रेडीमेड गारमेंट क्षेत्र के श्रमिकों को जनवरी से मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन

ढाका, 04 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश के रेडीमेड गारमेंट (आरएमजी) क्षेत्र के श्रमिकों को जनवरी 2027 से बढ़ा हुआ वेतन मिलने लगेगा। इसके लिए नया वेतन ढांचा दिसंबर में लागू किया जाएगा। पुनर्गठित न्यूनतम वेतन बोर्ड की बुधवार को हुई पहली बैठक के बाद नियोक्ता प्रतिनिधि एबीएम शम्सुद्दीन और श्रमिक प्रतिनिधि बाबुल अख्तर ने संयुक्त रूप से यह समयसीमा घोषित की। बैठक सेगुनबागीचा स्थित न्यूनतम वेतन बोर्ड कार्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद आजाद सुभानी ने की।

बोर्ड की पहली बैठक ऐसे समय हुई है, जब गारमेंट क्षेत्र में श्रमिकों का असंतोष जारी है और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर उच्चस्तरीय बैठकों का दौर चल रहा है। बैठक के बाद संवाददाताओं को जानकारी देते हुए सुभानी ने कहा कि नियोक्ता और श्रमिक प्रतिनिधि अगली बैठक में वेतन वृद्धि को लेकर अपने-अपने प्रस्ताव पेश करेंगे। इसके अलावा बोर्ड के तटस्थ सदस्य भी एक प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे, जिसके बाद प्रस्तावित वेतन दरों पर औपचारिक चर्चा शुरू होगी।

सरकार ने रविवार को राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से न्यूनतम वेतन बोर्ड का पुनर्गठन किया था। इससे पहले मंगलवार शाम बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (बीजीएमईए) के अध्यक्ष महमूद हसन खान ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात कर परिधान क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा की थी। बैठक के बाद प्रमुख राष्ट्रीय समाचार पत्रों के संपादकों से बातचीत में महमूद हसन खान ने कहा था कि वेतन बोर्ड की समयसीमा की जल्द घोषणा से गारमेंट श्रमिकों को आश्वस्त करने और इस क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने में मदद मिलेगी।

.....

Next Post

कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों का बहिष्कार करेगी राष्ट्रीय यादव महासभा

Wed Nov 4 , 2026
जबलपुर। घंटाघर स्थित कॉफी हाउस में राष्ट्रीय यादव महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह यादव ने की। इस दौरान कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा मंच से भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में की […]

You May Like