
ब्यावरा। ग्राम बरखेड़ा में गत दिवस नेताजी हजारीलाल यादव, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव के बड़े भाई एवं महेश यादव के पिता पटेल भंवरलाल यादव ग्राम बरखेड़ा का स्वर्गवास हो गया था. मंगलवार को उठावना एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ.
इस दौरान परिजनों द्वारा अवगत कराया गया कि अखिल भारतीय यादव महासभा अहीर, यादव धर्मशाला ट्रस्ट उज्जैन एवं यादव समाज जिला राजगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में मृत्यु भोज को सीमित करने अथवा प्रतिबंधित करने के संबंध में चलाए जा रहे अभियान से सहमत होकर कोई शोक पत्र जारी नहीं किया गया है. परिजनों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि स्वर्गीय आत्म शांति के लिए सभी कार्यक्रम होंगे परंतु मृत्यु भोज नहीं होगा. परिजनों द्वारा मृतक की स्मृति में दान स्वरूप राशि यादव धर्मशाला ट्रस्ट उज्जैन, यादव धर्मशाला ब्यावरा, श्रीराम खेड़ापति हनुमान मंदिर, बरखेड़ा रोड वाले हनुमानजी मंदिर के लिए 11 हजार तथा मुक्तिधाम स्थल में वृक्षारोपण एवं ट्री-गार्ड, बैठक के लिए बैंच लगाने की घोषणा की गई. श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार, राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव, पूर्व विधायक धूलसिंह यादव बोड़ा, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, डॉ. कैलाश मिश्रा, पूर्व नपाध्यक्ष डॉ. भारत वर्मा, फूलसिंह मीना बीनागंज, यादव महासभा जिलाध्यक्ष सुरेश यादव, पटेल लक्ष्मीनारायण सेठजी, नेमसिंह यादव जामी, राधेश्याम यादव सीलखेड़ा सहित बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
इस दौरान परिवार से यादव धर्मशाला ट्रस्ट उज्जैन अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय यादव महासभा अहीर प्रदेशाध्यक्ष रामगोपाल यादव, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलबर यादव, भगवान सिंह यादव, शिवप्रसाद यादव, आचार्य प्रेमनारायण यादव, नवलसिंह यादव, बंटी यादव सहित परिजनों ने समाज की अपील पर मृत्यु भोज नहीं करने का संकल्प दौहराया.
