न्यायिक मजिस्ट्रेटों ने सड़क पर उतरकर समझाए कानून के नियम, 48 हजार की चालानी कार्रवाई

सीधी । कानून का पालन कराने के साथ लोगों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेटों ने बाजारों में पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट परमानंद सनोड़िया एवं अरहम खान ने रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के रामपुर नैकिन, हत्था और बघवार में पैदल भ्रमण कर दुकानदारों, व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को कानून एवं यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान मोबाइल कोर्ट के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर लगभग 48 हजार रुपये के चालान किए गए। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चले इस अभियान में न्यायिक मजिस्ट्रेटों के साथ रामपुर नैकिन थाने के करीब 12 पुलिसकर्मी और पिपराव के पांच कर्मचारी शामिल रहे। न्यायिक अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने लगभग दो किलोमीटर तक पैदल भ्रमण कर बाजारों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन, यातायात व्यवस्था और दुकानों के संचालन से जुड़े नियमों के पालन की स्थिति देखी गई। अभियान के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेटों ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले फल विक्रेताओं, जूते-चप्पल के व्यापारियों और सब्जी विक्रेताओं से बातचीत की। उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन बाधित नहीं करने और निर्धारित नियमों के अनुरूप व्यवसाय करने की समझाइश दी गई। वहीं ऑटो रिक्शा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट अरहम खान ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था का उद्देश्य केवल लोगों को दंडित करना नहीं है, बल्कि उन्हें कानून और नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। आम नागरिकों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करने का उद्देश्य नियमों के प्रति समझ विकसित करना और लोगों को अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना है। जागरूक नागरिक ही बेहतर सामाजिक व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अभियान में न्यायिक अधिकारियों ने कार्रवाई के साथ समझाइश को भी प्राथमिकता दी। मोबाइल कोर्ट के माध्यम से मौके पर चालानी कार्रवाई करते हुए लोगों को नियमों की जानकारी दी गई। अभियान के जरिए यह संदेश दिया गया कि सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानून का पालन करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Next Post

चुरहट में नकली मावा-मिठाई की जांच करने होटलों में पहुंची टीम

Tue Nov 3 , 2026
चुरहट। नकली मावा-मिठाई की जांच करने चुरहट के होटलों में टीम ने पहुंच कर निरीक्षण के साथ प्रयोगशाला जांच के लिए सैंपल लिए। कलेक्टर के आदेश पर प्रशासन का बड़ा प्रहार शुरू हो चुका है। चुरहट में 5 होटलों पर एक साथ छापामार कार्रवाई करते हुए सैंपल लिए गये। जांच […]

You May Like