इंदौर: देवास जिले के खातेगांव में शराब माफिया द्वारा थाना प्रभारी की हत्या को लेकर रीगल तिराहे पर कांग्रेस ने श्रद्धांजलि दी. कांग्रेस ने श्रद्धांजलि देने के बाद पूरे प्रदेश में शराब माफिया पर कार्रवाई की मांग को लेकर मानव श्रृंखला बनाई.शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि देवास जिले में शराब माफिया के द्वारा ट्रक से कुचलकर खातेगांव पुलिस थाने के थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या कर दी गई. इसके पहले देवास में जहरीली शराब के कारण कई लोगों की मौत हुई थी। प्रदेश में शराब माफिया के बुलंद हौसले पर भाजपा और सरकार की ओर से मिली सुरक्षा के प्रतीक नजर आ रहे है. उक्त घटना के विरोध में शहर कांग्रेस द्वारा शाम को रीगल तिराहा स्थित गांधी प्रतिमा पर थाना प्रभारी को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी गई. इसके बाद कांग्रेस जनों ने रीगल तिराहे पर ही मानव श्रृंखला बनाकर पूरे प्रदेश में शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
चौकसे ने सवाल उठाया कि कहा कि देवास और सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के चलते दोनों जिलों के कलेक्टर और एसपी बदले गए हैं, लेकिन इन दोनों शहरों में शराब के माफियाओं का खात्मा नहीं किया. इन माफियाओं के द्वारा जिस तरह से काम किया जा रहा है वह पूरे प्रदेश के लिए चिंता का विषय है. राज्य सरकार द्वारा शराब माफियाओं पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस द्वारा जनआंदोलन किया जाएगा. श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चौकसे, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया, पार्षद राजू भदोरिया, सादिक ख़ान, अमन बज़ाज़, शैलेश गर्ग, संजय बाकलीवाल, गोविंद परिहार, बादशाह मिमरोट व सभी ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित थे
