इंदौर: शहर में तीन दिनों के भीतर छह दिवंगतों के अंग और देहदान किए गए. इनमें यशवंत निवास रोड निवासी 57 वर्षीय हेमा भंडारी भी शामिल हैं. उनके निधन के बाद परिजनों ने संकल्प के अनुसार नेत्र, त्वचा और पार्थिव देह दान की.हेमा भंडारी के नेत्र शंकरा आई बैंक और त्वचा चोइथराम स्किन बैंक को दान की गई, जबकि पार्थिव देह जबलपुर के सुखसागर मेडिकल कॉलेज को सौंपी गई. अंतिम विदाई के दौरान मध्यप्रदेश शासन की ओर से आठ सदस्यीय पुलिस दल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया.
समाजजनों और परिजनों के अंतिम दर्शन के बाद दोपहर करीब तीन बजे पार्थिव देह जबलपुर रवाना की गई. तीन दिनों में अंग एवं देहदान करने वालों में सूर्यकला शर्मा, देवेंद्र कुमार जैन, शांति देवी छाबड़ा, हेमा भंडारी, रमेश चंद जैन (लोनारा) और राजरानी डाबर शामिल हैं. मुस्कान ग्रुप के सेवादारों ने परिजनों के सहयोग से दान की प्रक्रिया पूरी कराई. ग्रुप के प्रभारी संदीपन आर्य ने लोगों से अंग एवं देहदान के लिए आगे आने की अपील की. जानकारी के अनुसार, शासकीय सम्मान की प्रक्रिया शुरू होने के बाद इंदौर में अब तक 70 से अधिक देहदान हो चुके हैं.
