
सीहोर। नजदीक के ग्राम खामलिया के पास सोमवार दोपहर लोहा फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री परिसर से उठते धुएं के गुबार दूर तक दिखाई देने लगे. घटना की सूचना मिलते ही नपा की दमकल मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया. जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम खामलिया स्थित लोहा फैक्ट्री में सोमवार की दोपहर आग लग गई. संभवत: शार्ट सर्किट से लगी आग ने परिसर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान कई गैस सिलेंडर, बिजली केबल, मशीनरी और अन्य उपकरण प्रभावित हुए हैं. फैक्ट्री में रखे लोहे के सामान को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है.
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड तत्काल मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए पानी की बौछार शुरू की. आग की तीव्रता को देखते हुए काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को आसपास फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया.
