वाशिंगटन, 02 नवंबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले मतदाताओं को लामबंद करने के लिए रविवार को आयोवा और कंसास में चुनावी रैलियां कीं। रिपब्लिकन पार्टी ने इन रैलियों के जरिए अपने समर्थकों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अंतिम कोशिश की।
श्री ट्रंप ने आयोवा के डब्यूक में समर्थकों को संबोधित करने के बाद कंसास के सलीना का दौरा किया। वहां उन्होंने मतदाताओं से रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन करने और कांग्रेस में पार्टी का नियंत्रण बरकरार रखने की अपील की।
श्री ट्रंप ने सलीना में समर्थकों से कहा, “यदि आप तीन नवंबर को रिपब्लिकन प्रतिनिधि सभा और रिपब्लिकन सीनेट चुनते हैं, तो हम हर दिन अमेरिका को सर्वोपरि रखने की नीति जारी रखेंगे।”
उन्होंने कांग्रेस में नियंत्रण बरकरार रहने पर रिपब्लिकन पार्टी की प्राथमिकताओं का उल्लेख किया। इनमें आव्रजन नियमों को और सख्त करना, मतदाता पहचान पत्र और नागरिकता के प्रमाण की अनिवार्यता तथा शरणस्थली शहरों पर प्रतिबंध लगाना शामिल है।
उन्होंने बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी और मानव तस्करी में शामिल लोगों के साथ-साथ कानून प्रवर्तन अधिकारी की हत्या के दोषियों के लिए मृत्युदंड की भी मांग की।
श्री ट्रंप ने कहा, “अमेरिका का स्वर्णिम युग हमारे सामने है, लेकिन आपको बाहर निकलकर मतदान करना होगा।”
श्री ट्रंप ने कंसास के मतदाताओं से रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल का समर्थन करने की भी अपील की, जो फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के गवर्नर पद के उम्मीदवार टाय मास्टरसन के पक्ष में भी प्रचार किया।
श्री ट्रंप ने कहा, “आइए, बाहर निकलकर वह करें जो हम सबसे अच्छी तरह करते हैं- जीतना, जीतना और जीतना। तीन नवंबर को हम जीतेंगे। आइए, अगले दो वर्षों को पहले से भी बड़ा, बेहतर और अधिक मजबूत बनाएं।”
विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कंसास की रैली को कुछ देर के लिए संबोधित किया और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ट्रंप के रिकॉर्ड की प्रशंसा की।
श्री रुबियो ने कहा, “हर राष्ट्रपति का सबसे महत्वपूर्ण काम आपको और आपके परिवार को सुरक्षित रखना है और मेरे जीवनकाल में किसी भी राष्ट्रपति ने यह काम मौजूदा राष्ट्रपति से बेहतर नहीं किया है।” उन्होंने कहा, “उनके राष्ट्रपति होने से अमेरिका अधिक मजबूत है, आप अधिक सुरक्षित हैं और दुनिया भर में हमारे दुश्मन कमजोर हुए हैं।”
तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों में कांग्रेस के दोनों सदनों का नियंत्रण तय होगा। प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों पर चुनाव होना है।

