
सीधी । जिले में सोमवार दोपहर डढ़िया गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए। सभी बरहो संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। घायलों में किसी के सिर में चोट आई, तो किसी का हाथ फ्रैक्चर हुआ। कुछ लोगों के मुंह और सीने में भी चोटें आई है। सभी लोग पिकअप से सोनवर्षा से सेमरी जा रहे थे। डढ़िया के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों में गोरेबा रजक 65 वर्ष, शकुंतला रजक 45 वर्ष, अनीता रजक 35 वर्ष, किरण रजक 26 वर्ष, सीता रजक 35 वर्ष, शीला रजक 45 वर्ष, कलावती रजक 70 वर्ष और प्रिया रजक 12 वर्ष शामिल हैं। इनके अलावा अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस सेवा की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया। उन्हें आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
