डबरा में लक्ष्मी कॉलोनी, कठौ की पुलिया और हरिपुर समेत कई स्थानों पर कच्ची शराब बिकती नजर आई

ग्वालियर: जिला मुख्यालय में बैठे अधिकारी जहां एक ओर अवैध और जहरीली शराब की रोकथाम के लिए रणनीति बनाते हैं, वहीं इसी जिले की डबरा तहसील में एक-दो नहीं, बल्कि कई जगहों पर कच्ची शराब का कारोबार फलता-फूलता नजर आ रहा है। सवाल यह है कि जब अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाना विभाग की जिम्मेदारी है, तो डबरा में यह कारोबार आखिर कैसे चल रहा है?
मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अलग-अलग मंचों से अधिकारियों को अवैध और जहरीली शराब की रोकथाम के निर्देश देते रहे हैं। इसके बावजूद डबरा की स्थिति विभाग की कार्रवाई और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। क्या जिम्मेदार अधिकारियों तक इस कारोबार की जानकारी नहीं पहुंच रही या फिर जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही?
सागर और देवास की घटनाओं के बाद भी नहीं चेता विभाग?
सागर और देवास में हाल ही में नकली और अवैध शराब से हुई मौतों ने एक बार फिर इस कारोबार के खतरनाक परिणाम सामने रखे हैं। ऐसे मामलों में सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि यदि समय रहते अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाई जाती, तो क्या इन जिंदगियों को बचाया नहीं जा सकता था?
इन घटनाओं के बावजूद डबरा में कच्ची शराब की बिक्री के सामने आए चित्र चिंता बढ़ाने वाले हैं। सवाल उठता है कि आखिर आबकारी विभाग अवैध शराब की रोकथाम को लेकर कितना गंभीर है और मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जमीनी स्तर पर कितना अमल हो रहा है।
नगर पालिका क्षेत्र में भी कच्ची शराब की बिक्री!
डबरा से सामने आए चित्रों में अलग-अलग स्थानों पर कथित तौर पर कच्ची शराब बेची जाती दिखाई दे रही है। इनमें लक्ष्मी कॉलोनी, कठौ की पुलिया और हरिपुर जैसे इलाके शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से ज्यादातर स्थान नगर पालिका क्षेत्र के भीतर आते हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहरी क्षेत्र में ही कच्ची शराब की बिक्री की शिकायतें और वीडियो सामने आ रहे हैं, तो विभाग की निगरानी व्यवस्था आखिर कहां है? क्या इन स्थानों पर नियमित जांच और कार्रवाई नहीं होती?आखिर अधिकारियों की जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में कच्ची शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है? जरूरी है कि संबंधित स्थानों पर कार्रवाई की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि अब तक इस कारोबार पर रोक क्यों नहीं लग सकी।

Next Post

शराब तस्करी रोकने पहुंचे टीआई को ट्रक ने कुचला, मौत

Mon Nov 2 , 2026
इंदौर: देवास जिले से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली बेहद दुखद खबर सामने आई है। अवैध शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए मैदान में उतरे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। नेमावर रोड हाईवे पर चेकिंग के दौरान शराब परिवहन कर रहे […]

You May Like