मोहाली | आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत दर्ज करने के बावजूद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। बीसीसीआई (BCCI) ने स्लो ओवर रेट के कारण अय्यर पर 12 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। आईपीएल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह इस सीजन में पंजाब किंग्स का ‘कोड ऑफ कंडक्ट’ के तहत पहला उल्लंघन था। निर्धारित समय सीमा के भीतर ओवर पूरे न कर पाने की वजह से आर्टिकल 2.22 के तहत कप्तान को इस वित्तीय दंड का सामना करना पड़ा है।
मैच के दौरान श्रेयस अय्यर को न केवल वित्तीय बल्कि शारीरिक चोट का भी सामना करना पड़ा। बल्लेबाजी के दौरान नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े अय्यर की दाईं कलाई में कूपर कोनोली का एक शक्तिशाली शॉट सीधे जा लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि अय्यर दर्द के मारे तुरंत क्रीज पर ही लेट गए और मेडिकल टीम को मैदान पर आना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने बल्लेबाजी तो जारी रखी, लेकिन वे अपनी लय खो बैठे और जल्द ही अपना विकेट गंवा बैठे। टीम प्रबंधन अब उनकी चोट की गंभीरता पर नजर बनाए हुए है।
मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने कड़े संघर्ष के बाद गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए थे, जिसमें शुभमन गिल ने 39 और जोस बटलर ने 38 रनों का योगदान दिया। पंजाब की ओर से विजय कुमार वैशाक ने शानदार 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए कूपर कोनोली ने नाबाद 72 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए। पंजाब ने 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर 165 रन बनाकर सीजन की पहली जीत अपने नाम की।

