जबलपुर:अधारताल थाना अंतर्गत कटरा मस्जिद के पास शराबी पति पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब पत्नी अपने मायके में आयोजित एक दावत में शामिल होने गई थी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार मोहम्मद अरफान (41) निवासी कटरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी बहन शमा मंसूरी का विवाह वर्ष 2023 में पसियाना निवासी मोहम्मद नौशाद मंसूरी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही नौशाद शराब का अत्यधिक सेवन करने लगा, जिससे घर में आए दिन कलह होने लगी।
पति की शराबखोरी और ससुराल वालों के खराब व्यवहार के कारण शमा पिछले दो महीनों से अपने मायके कटरा में रह रही थी।बीती रात शमा के मायके में एक पारिवारिक दावत का कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम में शमा के ससुराल पक्ष से उसका पति नौशाद मंसूरी, कासिम और बबलू भी शामिल हुए थे। दावत खत्म होने के बाद नौशाद ने शमा को अकेले में ले जाकर शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की। जब शमा ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो नौशाद आपा खो बैठा। शोर सुनकर जब शमा के भाई अरफान और मोहम्मद ईशाक बीच-बचाव के लिए दौड़े, तब तक आरोपी नौशाद ने जेब से चाकू निकालकर शमा पर हमला कर दिया।
