नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) रेलवे बोर्ड ने खेल कोटे की भर्ती और पात्रता को लेकर नया स्पष्टीकरण जारी किया है, जिसके अनुसार जिन रेलवे कार्यशालाओं में कम से कम 4,000 स्वीकृत पद हैं, वे हर साल 3 लेवल-1 पदों के लिए खेल भर्ती कोटे के पात्र होंगे, चाहे वहां काम करने वाले कर्मचारियों की वास्तविक संख्या इस सीमा से कम ही क्यों न हो। इस स्पष्टीकरण से मौजूदा खेल भर्ती नीति के तहत कर्मचारियों की संख्या की व्याख्या को लेकर बनी अनिश्चितता दूर हो गयी है।
बोर्ड ने बताया कि उसे इस बारे में स्पष्टीकरण मांगने वाले कई अनुरोध मिले थे कि 4,000 कर्मचारियों की निर्धारित संख्या का मतलब कार्यशाला में काम कर रहे वास्तविक कर्मचारियों से है या वहां स्वीकृत पदों की कुल संख्या से। मामले की जांच करने के बाद रेलवे बोर्ड ने तय किया कि बुक ऑफ सैंक्शन (बीओएस) में दर्ज स्वीकृत पदों की संख्या ही पात्रता तय करने का आधार होगी।
बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे, उत्पादन इकाई और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों के महाप्रबंधकों को भेजे गये संदेश में कहा, “कर्मचारियों की संख्या का अर्थ बीओएस के अनुसार कार्यशाला में स्वीकृत पदों की संख्या से होगा।” इस स्पष्ट प्रावधान के तहत जिस रेलवे कार्यशाला में 4,000 या उससे अधिक स्वीकृत पद हैं, वह खुले विज्ञापन के जरिए खिलाड़ियों की भर्ती के लिए तीन ‘लेवल-1’ पदों के सालाना कोटे का पात्र होगा।
रेलवे के इस स्पष्टीकरण से उन कार्यशालाओं के लिए उलझन दूर हो गयी है, जहां स्वीकृत पदों की संख्या तो निर्धारित सीमा (4,000) के बराबर या उससे अधिक है लेकिन खाली पदों की वजह से वहां काम कर रहे कर्मचारियों की वास्तविक संख्या 4,000 से कम हो गयी है।

