उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गौधाम में 2 नवीन गौ शेड का किया लोकार्पण, पहुंच मार्ग का भूमि पूजन

रीवा:उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने हिनौती गौधाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो नवीन गौ शेड का लोकार्पण किया. इसके साथ ही उन्होंने 10 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से बनने वाली लालगांव-कटरा मार्ग से हिनौती गौधाम पहुंच मार्ग का भूमि पूजन भी किया. इस अवसर पर उन्होंने परिसर में आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा गायों को गुड़ और चना खिलाया.

उप मुख्यमंत्री ने बसमन मामा गौवंश वन्य विहार की तर्ज पर हिनौती गौधाम परिसर की जमीन पर प्राकृतिक कृषि प्रक्षेत्र का उद्घाटन करते हुए प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर दिया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गौशाला, गौ सेवा और प्राकृतिक खेती के समन्वय से ही एक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है. आज मानवता के सामने जो संकट हैं, उनका समाधान केवल गौ सेवा और प्राकृतिक खेती के माध्यम से ही किया जा सकता है. हिनौती गौधाम में प्राकृतिक खेती के लिए जमीन निर्धारित की गई है. यहाँ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर आसपास के गांवों में प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा दिया जाएगा.

उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गौधाम के विकास की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 200 एकड़ में फैले इस परिसर में 20 हजार बेसहारा गायों की सेवा की व्यवस्था की जा रही है. परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए 50 हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 6 हजार पौधे पहले ही रोपे जा चुके हैं. आने वाले समय में यह बंजर जमीन चारों तरफ हरियाली से आच्छादित होगी. उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में आज देश वर्तमान की समीक्षा करते हुए भविष्य के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है और हिनौती गौधाम जैसे ग्रामीण विकास, गौ संवर्धन व प्राकृतिक खेती के प्रकल्प इसी राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. कार्यक्रम में मनगवां विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जनपद अध्यक्ष विकाश तिवारी, गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय, समाजसेवी राजगोपाल मिश्र, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सरपंच, गौ सेवक और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे

Next Post

रूस और यूक्रेन के इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम पर साइबर अटैक! दोनों देशों के बीच चल रही है राजनयिक वार्ता

Mon Nov 2 , 2026
कीव, यूक्रेन और रूस ने बताया कि उनके सार्वजनिक आपातकालीन अलर्ट एप्लिकेशन को साइबर हमलों का निशाना बनाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप उपयोगकर्ताओं तक गलत जानकारी पहुंच गई। यूक्रेन और रूस ने तनाव के बीच अपने-अपने आपातकालीन अलर्ट सिस्टम पर साइबर हमलों की सूचना दी है। यूक्रेन में रासायनिक और […]

You May Like