
सिंगरौली । निर्माणाधीन सीधी-सिंगरौली एनएच-39 फोरलेन के खाखन पुल पर आज रविवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे बड़ा हादसा हो गया। विंध्यनगर से सीधी की ओर राखड़ लेकर जा रहा 16 चक्का हाईवा वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडएफ 1344 अनियंत्रित होकर पुल के पास पानी में पलट गया। हादसे के बाद चालक वाहन में फंस गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने साहस दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बैढ़न रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर जियावन पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटाई। राहगीरों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा चालक की जान भी जा सकती थी। इधर खाखन पुल की इस दुर्घटना ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि पुल के आसपास मानकों के अनुरूप डायवर्सन, चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था क्यों नहीं है, पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो संभवत: चालक समय रहते खतरे को भांप सकता था। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
