प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कृषि और किसान कल्याण को मिल रही सर्वोच्च प्राथमिकता: डॉ.राजेश

सीधी। किसानों की खुशहाली, कृषि की समृद्धि और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का जिला स्तरीय समारोह रविवार को कृषि विज्ञान केन्द्र सीधी में कृषि एवं किसान कल्याण को समर्पित कृषि लोकोत्सव के रूप में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश की गौरवशाली विकास यात्रा के साथ कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों, किसानों के योगदान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

वंदेमातरम एवं मध्यप्रदेश गान के सामूहिक गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मीसाबंदियों एवं वीर नारियों का सम्मान किया गया। कृषि के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले के 10 प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया गया। वहीं किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व की क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट एवं ई-स्कूटी जैसे आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। विभिन्न योजनाओं के 8 हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, कृषि में आधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहित करने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार इस वर्ष को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना में सीधी जिले का चयन जिले के कृषि विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे कृषि क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं सृजित होंगी तथा किसानों को अपनी उत्पादन क्षमता और आय बढ़ाने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर नवाचार और सफलता की मिसाल प्रस्तुत करने वाले जिले के 10 प्रगतिशील कृषकों को मंच से सम्मानित किया गया। सम्मानित कृषकों में गोपालपुर, रामपुर नैकिन के विनय कुमार सिंह को प्राकृतिक खेती, मछली पालन एवं आम की 65 प्रजातियों के संकलन के लिए सम्मानित किया गया। इसी ग्राम के परीक्षित सिंह को दुग्ध उत्पादन, दुग्ध संग्रहण केन्द्र संचालन, प्राकृतिक खेती कार्यक्रम के अंतर्गत सब्जी उत्पादन तथा तिलहन फसलों में उत्कृष्ट कार्य के लिए और शिवम कुमार शुक्ला को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कृषि के क्षेत्र में मप्र ने स्थापित किए नए कीर्तिमान: रीती

सीधी विधायक रीती पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों की उन्नति और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। मध्यप्रदेश ने कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। प्रदेश को लगातार 7 बार कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया जाना किसानों के परिश्रम और कृषि विकास के लिए किए गए प्रयासों का प्रमाण है।

देश में कृषि क्षेत्र कर रहा निरंतर प्रगति: टेकाम

धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि और किसानों के कल्याण को सदैव प्राथमिकता दी है। देश में कृषि क्षेत्र निरंतर प्रगति कर रहा है और किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों की समृद्धि का सबसे मजबूत आधार कृषि है। जब किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा, तभी ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और गांवों में रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।

Next Post

कंपनियों के तिमाही परिणाम, पीएमआई के आंकड़ों पर रहेगी निवेशकों की नजर

Sun Nov 1 , 2026
मुंबई, 01 नवंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह रही तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर घरेलू स्तर पर पीएमआई के आंकड़ों और कंपनियों के तिमाही परिणामों पर तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पश्चिम एशिया की स्थिति और कच्चे तेल की कीमतों पर होगी। विनिर्माण और […]

You May Like