मुंबई, 01 नवंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह रही तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर घरेलू स्तर पर पीएमआई के आंकड़ों और कंपनियों के तिमाही परिणामों पर तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पश्चिम एशिया की स्थिति और कच्चे तेल की कीमतों पर होगी।
विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई के आंकड़े इसी सप्ताह जारी होने हैं। आईटीसी, एनएसई इंडिया लिमिटेड, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन और टाट स्टील जैसी कंपनियों के तिमाही परिणाम आने हैं। विशेष रूप से शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद एनएसई का यह पहला तिमाही परिणाम होगा। इसके अलावा, बिक्री के आंकड़ों से वाहन निर्माता कंपनियों के प्रति निवेशकों का रुख तय होगा।
वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया संकट के गहराने और कच्चे तेल की कीमतों में जारी उछाल से निवेश धारणा प्रभावित होगी।
गत सप्ताह बीएसई का सेंसेक्स 1,335.7 अंक यानी 1.83 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त के साथ शुक्रवार को 74,459.53 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक सप्ताह के दौरान 453.10 अंक यानी दो प्रतिशत चढ़कर 23,053.10 अंक पर पहुंच गया।
दिग्गज कंपनियों की तुलना में वृहत बाजार में तेज लिवाली देखी गई। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.78 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 4.08 फीसदी की साप्ताहिक बढ़त में बंद हुआ।
सप्ताह के दौरान सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर हरे निशान में रहे। ट्रेंट में सबसे अधिक 11.02 फीसदी की तेजी रही। अडानी पोर्ट्स का शेयर 8.22 फीसदी, इटरनल का 8.20, इंडिगो का 7.34, कोटक महिंद्रा बैंक का 7.18 और पावरग्रिड का सात प्रतिशत चढ़ गया।
एनटीपीसी का शेयर 6.04 फीसदी, एलएंडटी का 5.84, भारती एयरटेल का 4.23, टाइटन का 3.47, आईटीसी का 3.27, बीईएल का 2.50, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.42, इंफोसिस का 2.38 और सन फार्मा का 2.02 प्रतिशत की बढ़त में रहा। मारुति सुजुकी का शेयर 1.37 फीसदी, बजाज फाइनेंस का 1.32, बजाज फिनसर्व का 0.72, एशियन पेंट्स का 0.43 और भारतीय स्टेट बैंक का 0.42 प्रतिशत चढ़ा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 0.28 फीसदी, टाटा स्टील में 0.27, टेक महिंद्रा में 0.16, एक्सिस बैंक में 0.05 और एचडीएफसी बैंक में 0.03 प्रतिशत की तेजी रही।
नुकसान उठाने वालों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सप्ताह के दौरान 2.22 प्रतिशत और टीसीएस का 1.27 प्रतिशत टूट गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.14 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट में 0.14 और आईसीआईसीआई बैंक में 0.07 प्रतिशत की गिरावट रही।
