
शुजालपुर, कालापीपल पुलिस ने पशु चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई शंकर जर्सी गाय बरामद की है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया है. पुलिस के अनुसार ग्राम बिसनखेड़ी निवासी अखिलेश तिवारी ने 26 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25-26 सितंबर की दरमियानी रात उसके कच्चे मकान में बंधी 50 हजार रुपए कीमत की शंकर जर्सी गाय अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया. इस पर कालापीपल थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई.
चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 31 अक्टूबर को शुभम शर्मा निवासी बिसनखेड़ी और दिनेश राने निवासी रामड़ी को गिरफ्तार किया.
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 50 हजार रुपए कीमत की शंकर जर्सी गाय तथा वारदात में प्रयुक्त करीब 13 लाख रुपए कीमत की बोलेरो पिकअप जब्त की है. कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पाठक, मुनेश्वर राम भगत, विशाल पटेल, विवेक गोस्वामी, सतीश रावत, नयन यादव, वेदप्रकाश परमार, सतीश गौतम, पंकज जोमर, होकम कारपेंटर, गोर्धन वर्मा, शैलेंद्र वर्मा, अर्जुन दांगी, राहुल और अखिल वर्मा सहित प्रधान आरक्षक विकास तिवारी तथा आरक्षक अनिल सक्सेना, राजेश दांगी, घनश्याम एवं रोहित बिलावलिया की भूमिका रही.
