तेलंगाना सीएम रेड्डी का आरोप, केंद्र 20 करोड़ वोट हटाने की साजिश कर रहा है

नई दिल्ली, 1 नवंबर (वार्ता) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मतदाता सूची से करोड़ों लोगों के नाम हटाकर उनके मतदान के अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गरीबों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के प्रति दुर्भावना रखने का आरोप लगाया।

रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने से पहले श्री रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान तेलंगाना से पहुंचे हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मतदाता सूची से पहले ही 13.50 करोड़ वोट हटाए जा चुके हैं और अब 20 करोड़ अन्य वोट हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर केंद्र के इशारे पर काम करने का आरोप भी लगाया।

श्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना से करीब 15 हजार लोगों के आने के लिए रेलगाड़ियों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन उन्हें रद्द कर कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने से रोकने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद हजारों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।

उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान राम की सहायता वानर सेना ने की थी, उसी तरह कांग्रेस की ‘वानर सेना’ मोदी को सत्ता से हटाने के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने भाजपा की हार तक लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Next Post

मप्र ने विकास और परिवर्तन की लंबी यात्रा तय की है : परमार

Sun Nov 1 , 2026
शाजापुर, प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार की उपस्थिति में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर 2026 के अवसर पर आज शाजापुर जिला मुख्यालय स्थित गांधी हॉल में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगीत […]

You May Like