तेंदुए की खाल की तस्करी में 3 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

सीधी । राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) इकाई भोपाल की टीम द्वारा सीधी शहर में तेंदुए की एक खाल के साथ दो व्यक्तियों को पकड़े जाने के बाद वन विभाग ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शिकार में प्रयुक्त किए जाने वाले औजार भी जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वन मंडल अधिकारी वन मंडल सीधी प्रीति अहिरवार ने बताया कि 5 सितम्बर को डीआरआई भोपाल की टीम ने थार वाहन में तेंदुए की खाल के साथ दो व्यक्तियों को सीधी शहर में पकड़ा था। वन्यजीव से संबंधित मामला होने के कारण प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग, सामान्य वन मंडल सीधी के परिक्षेत्र सीधी को सौंपा गया। पूछताछ में आरोपियों अभिषेक सिंह चंदेल उर्फ प्रिंस सिंह पिता पुष्पराज सिंह चंदेल उम्र 26 वर्ष, निवासी सिहावल, थाना अमिलिया, जिला सीधी तथा अनमोल सिंह चंदेल पिता रण बहादुर सिंह चंदेल उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम बीरादेही, तहसील हनुमना, जिला मऊगंज द्वारा तेंदुए की खाल की तस्करी में शामिल होने की जानकारी दी गई। आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम ने रीवा वन मंडल के वन परिक्षेत्र हनुमना क्षेत्र के ग्राम धनुहीनार, पोस्ट बीरादेही में दबिश देकर ललन सिंह गोंड़ पिता चरकू सिंह गोंड़, उम्र 53 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से शिकार में उपयोग किए जाने वाले औजार जब्त किए गए।

वन विभाग द्वारा तीनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 यथा संशोधित 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 25012/18, दिनांक 05 सितम्बर 2026 पंजीबद्ध किया गया। आरोपियों को 6 सितम्बर को जिला न्यायालय सीधी में पेश किया गया, जहां से दो दिन के पर्सनल रिमांड पर लेकर प्रकरण के संबंध में पूछताछ की गई। 7 सितम्बर को आरोपियों को साथ लेकर घटना स्थल की शिनाख्त कराई गई तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में अन्य आरोपियों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी तलाश और पतासाजी की जा रही है। 8 सितम्बर को तीनों गिरफ्तार आरोपियों को पुनः जिला न्यायालय सीधी के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।

Next Post

सौंसर को मिली बड़ी सौगात: 25.91 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

Wed Sep 9 , 2026
​ सौंसर, नगर पालिका परिषद सौंसर द्वारा शहर के सुनियोजित विकास और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बुधवार को 25.91 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न हुआ। इसके तहत अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना के अंतर्गत 18.93 करोड़ रुपये और स्वच्छ भारत मिशन 2.0 […]

You May Like