
सौंसर, नगर पालिका परिषद सौंसर द्वारा शहर के सुनियोजित विकास और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बुधवार को 25.91 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न हुआ। इसके तहत अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना के अंतर्गत 18.93 करोड़ रुपये और स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत 6.98 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शुरू किया गया। मुख्य पूजन कार्यक्रम वार्ड क्रमांक 14 स्थित मोक्षधाम परिसर में आयोजित हुआ।
*मूलभूत सुविधाओं को मिलेगी नई मजबूती – नानाभाऊ मोहोड*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री नानाभाऊ मोहोड ने कहा कि करोड़ों रुपये की योजनाओं का धरातल पर उतरना सौंसर के लिए बड़ी उपलब्धि है। केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से शहर को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड ने कहा कि शुद्ध पेयजल और बेहतर सीवेज प्रबंधन सीधे नागरिकों के स्वास्थ्य व जीवन स्तर से जुड़े विषय हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को एक नई दिशा मिलेगी।
*नागरिकों की सुविधा हमारी प्राथमिकता: नपा अध्यक्ष*
नगर पालिका अध्यक्ष सुरेखा इन्द्रचन्द डागा ने कहा कि परिषद नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 25.91 करोड़ रुपये की इन महत्वपूर्ण योजनाओं के पूरा होते ही शहर में पेयजल संकट दूर होगा और जल-मल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।
*कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित-*
इस दौरान नपा उपाध्यक्ष विनोद जूनघरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय भूते, मंडल अध्यक्ष दर्शन झाड़े, भाजपा नेता मोरेश्वर मर्सकोले, रामकृष्ण वाकोडे, इन्द्रचन्द डागा, राजेन्द्र भकते, जिला महामंत्री देवेन्द्र गायकवाड़, परसराम राने, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विवेक गायकवाड़, सभापति मृनाली दर्शन झाड़े तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौसम पालेवार सहित सभी वार्डों के पार्षद व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
