
छिंदवाड़ा/बिछुआ. बिछुआ विकासखंड की ग्राम पंचायत डोकलीकला में दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। खेत में फैले बिजली के तार की चपेट में आने से वकील भोजेलाल वर्मा का एकलौता पुत्र 14 वर्षीय अभिजीत वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाँव के ही एक किसान ने अपने खेत में लापरवाहीपूर्वक बिजली का कनेक्शन डाल रखा था। तार खुले पड़े थे और करंट प्रवाहित हो रहा था, तभी अभिजीत अनजाने में उसकी चपेट में आ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने कहा कि अगर किसान और बिजली विभाग समय रहते सावधानी बरतते तो आज मेरा बेटा जिंदा होता। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि घटना की पूरी जाँच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। गाँव के लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से खेतों में फैले अवैध तारों को तत्काल हटाने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए कड़े कदम उठाने की माँग की है।
