भोपाल:मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के शासकीय, अर्धशासकीय विभागों तथा निगम मंडलों को अब मात्र 5 रुपये में नवीन घरेलू कनेक्शन उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि शासकीय, अर्धशासकीय विभागों तथा निगम मंडलों को अब केवल 5 रूपये में नवीन विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए शासकीय विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश मैदानी अधिकारियों को दिए गए हैं। नये विद्युत कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
कंपनी ने बताया कि शासकीय, अर्धशासकीय विभाग तथा निगम मंडल नवीन कनेक्शन के लिए आवेदन सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं। इसके लिए कंपनी की वेबसाइट में सरल संयोजन को चुनें और आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।इसके अलावा पोर्टल पर सीधे जाकर भी पांच रुपये में नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है। इस कार्य के लिए वितरण केन्द्र पर जाकर भी आवेदन कर सकते हैं अथवा कंपनी के टोलफ्री नंबर 1912 पर कॉल भी कर सकते हैं। कंपनी ने कहा है कि सरकारी विभाग नवीन कनेक्शन के लिए आवेदन एमपी ऑनलाइन एवं कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी कर सकते हैं।
