रीवा:नगर निगम रीवा ने निष्क्रिय और फर्जी पते पर दर्ज समग्र आईडी के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है. वर्ष 2013 से संचालित ऐसी फर्जी व निष्क्रिय समग्र आईडी को हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है. शासन के निर्देशानुसार इस कदम का उद्देश्य केवल पात्र हितग्राहियों को ही शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना और वास्तविक नागरिकों का डेटाबेस अपडेट करना है.
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि कई आईडी निष्क्रिय पाई गई हैं, वहीं कुछ गलत पते पर दर्ज की गई हैं. इन्हें हटाने की कार्यवाही जारी है. सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय पर अपनी केवाईसी करा लें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय पर केवाईसी नहीं कराई गई तो नागरिकों को भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान में भी गंभीर असुविधा झेलनी पड़ सकती है.
स्कूल/कॉलेज प्रवेश, रोजगार, खाद्यान्न वितरण, पेंशन, संबल, लाड़ली बहना योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावित होगा. यहां तक कि वर्तमान में मिल रही सुविधाएँ भी बंद हो सकती हैं. नागरिक अपने निकटतम सीएससी सेंटर, एमपी आइनलाइन कियोस्क या स्वयं पोर्टल के माध्यम से आसानी से केवाईसी करा सकते हैं.
