
गुना। जिले के म्याना स्थित व्यस्त बाजार और चौराहे पर शनिवार रात 31 अक्टूबर को करीब साढ़े 11 बजे उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गुना से शिवपुरी की ओर जा रही ‘सिंह ब्रदर्स’ की यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना नेशनल हाईवे स्थित म्याना चौराहे पर पेट्रोल पंप के पास की है। बताया जा रहा है कि म्याना में सवारी उतारने के लिए बस चालक ने जैसे ही एकदम से ब्रेक लगाए, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक का पिछला कोना बस से टकरा गया। इस टक्कर के कारण अनियंत्रित हुई बस आराम से एक तरफ पलट गई।
बाजार के बीचों-बीच बस पलटते ही चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम और स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
