सतना : जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंहपुर थाना पुलिस को सफलता मिली है. पुलिस ने पटपरनाथ मंदिर के समीप घेराबंदी कर एक व्यक्ति को 1 किलो 367 ग्राम अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों दबोचा है. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 13,500 रुपये आंकी गई है.
थाना प्रभारी बिशन सिंह मरावी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक तस्कर अवैध गांजे की खेप लेकर पटपरनाथ मंदिर की ओर से गुजरने वाला है.सूचना मिलते ही पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर सतर्कता बढ़ाई और घेराबंदी की.संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए व्यक्ति को जब रोककर तलाशी ली गई, तो उसके पास से 1.367 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनय तिवारी (45), निवासी वार्ड क्रमांक 11 सिंहपुर बताया. पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत मामला दर्ज किया.
1.3 किलो गांजे और बाइक के साथ 60 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
मैहर जिले की रामनगर पुलिस ने झिन्ना रोड पावर हाउस के पास घेराबंदी कर 60 वर्षीय कैलाश उर्फ कृष्णपाल बैस (निवासी सीधी) को गिरफ्तार किया है. आरोपी की मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 53 MB 4894) की डिक्की से 13 हजार रुपये कीमत का 1 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है.पुलिस ने गांजा और करीब 80 हजार रुपये की बाइक जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है.
65 वर्षीय महिला गांजा के साथ गिरफ्तार, 760 ग्राम मादक पदार्थ जब्त
मैहर : जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है. थाना ताला पुलिस ने मुकुंदपुर रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री करने के आरोप में एक 65 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है.कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिला के कब्जे से 760 ग्राम गांजा बरामद किया है जिसकी अनुमानित कीमत 7,600 रुपये बताई गई है.
