मनासा में जीबीएस की दस्तक से हडक़ंप, प्रशासन अलर्ट, दो मरीजों में पुष्टि, सात बच्चे संदिग्ध

नीमच। जिले के मनासा क्षेत्र में गिलियन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हलचल मच गई है। अब तक 2 मरीजों में इस बीमारी की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 7 संदिग्ध मरीज जिनमें सभी बच्चे हैं को चिन्हित कर अस्पताल में भर्ती किया गया है। मरीजों के परिजनों और संपर्क में आए अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्र में बीमारी के दूषित पानी से फैलने की अफवाहों के चलते लोगों में भय का माहौल बन गया है। प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। एसडीएम किरण आंजना स्थानीय स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें डोर-टू-डोर सर्वे कर संभावित मरीजों की पहचान में जुटी हैं।
इसी क्रम में नीमच मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञ टीम भी मनासा पहुंचकर जांच में लग गई है।
भोपाल से पहुंचेगी विशेष स्वास्थ्य टीम
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि भोपाल से विशेषज्ञों का दल शीघ्र मनासा पहुंचकर जीबीएस के संभावित कारणों की गहन जांच करेगा। एहतियात के तौर पर सभी जल स्रोतों की सैंपलिंग कराई जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार के संशय को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि पूरे जिले का स्वास्थ्य अमला अलर्ट मोड पर है। सैनिटाइजेशन, सर्वे और मेडिकल स्क्रीनिंग लगातार जारी है।
मंदसौर में भी सामने आ चुके हैं जीबीएस के मामले
नीमच से पहले मंदसौर जिले के मुल्तानपुरा में 12 अगस्त 2025 को जीबीएस के 6 मामले मिले थे। शुरुआती दौर में ही 3 मरीज वेंटिलेटर पर पहुंच गए थे। मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग के अनुसार उस समय 2 मरीजों को इंदौर रेफर किया गया था, जबकि एक का इलाज स्थानीय स्तर पर हुआ। अब सभी मरीज स्वस्थ हैं। तब ङ्ख॥ह्र, राज्य और केंद्र की संयुक्त टीम ने जांच की थी। विशेषज्ञों ने बीमारी का संभावित कारण प्रदूषित पानी और गलत जल भंडारण को बताया था। हालांकि जीबीएस का ठोस वैज्ञानिक कारण आज तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है, इसलिए संभावित कारणों पर ही फोकस किया जा रहा है।
देश में जीबीएस का सबसे बड़ा प्रकोप पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ क्षेत्र में 2024 के अंत और 2025 की शुरुआत में देखा गया था, जहां सैकड़ों लोग प्रभावित हुए थे और कई मौतें भी हुई थीं। उस दौरान भी केंद्रीय व राज्य स्तरीय टीमों ने दूषित पानी को प्रमुख संभावित कारण माना था। यही विशेषज्ञ दल मंदसौर की जांच में भी शामिल रहा था।

Next Post

एमपीएसपी क्लब हैदराबाद रोमांचक मुकाबले में एक रन से जीती 

Thu Jan 15 , 2026
सीधी। अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट कुंवर एण्ड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन 9 के आज स्थानीय छत्रसाल स्टेडियम में सिद्धू ग्रुप, करणी सेना,एमपीएसपी क्लब राजू क्रिकेट क्लब हैदराबाद और चौहान स्टोन क्रेशर जम्मू कश्मीर के मध्य हुए ग्यारहवें दिन के मैच मे हैदराबाद से एक रन से जीत दर्ज […]

You May Like