स्टूडेंट्स को गांजे की पुड़िया बनाकर सप्लाई करता था आरोपी

इंदौर: शहर के हॉस्टलों में विद्यार्थियों को गांजे की पुड़िया बनाकर सप्लाई करने वाले एक युवक को भंवरकुआ पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 1.460 किलोग्राम गांजा और एक बाइक जब्त की गई है. जब्त गांजे की कीमत करीब 21 हजार रुपए बताई है, आरोपी विजय नगर में होटल संचालन का काम करता था.
पुलिस टीम रात को संदिग्धों की तलाश और चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान तीन इमली बस स्टैंड के पीछे खाली मैदान में एक युवक बाइक पर प्लास्टिक का बैग लेकर बैठा दिखाई दिया. पुलिस को देखकर वह घबराने लगा. संदेह होने पर टीम ने पकड़कर उससे पूछताछ की.

उसकी पहचान योगेश शर्मा उम्र 26 साल, निवासी मेहगांव, जिला भिंड के रूप में हुई. उसके पास रखी प्लास्टिक की बोरी की तलाशी लेने पर उसमें 1.460 किलोग्राम गांजा मिला. पुलिस ने गांजे के साथ एफजेडएस बाइक भी जब्त की है. गांजे की कीमत करीब 21 हजार और बाइक की कीमत करीब 1 लाख 21 हजार रुपए बताई गई है. आरोपी 12वीं तक पढ़ा है और विजय नगर में होटल चलाता था. पुलिस उससे गांजा उपलब्ध कराने वाले सप्लायर और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है. डीसीपी जोन 4 नरेंद्र रावत ने बताया कि पुलिस आरोपी से यह भी पता लगा रही है कि वह किन हॉस्टलों में गांजे की सप्लाई करता था और इस काम में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं.

Next Post

होटल का चैंबर साफ करने उतरे चार लोगों की मौत, बचाने पहुंचे दो की तबीयत बिगड़ी

Sun Nov 1 , 2026
उज्जैन, 1 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश में उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया […]

You May Like