होटल का चैंबर साफ करने उतरे चार लोगों की मौत, बचाने पहुंचे दो की तबीयत बिगड़ी

उज्जैन, 1 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश में उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात में होटल के ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई के लिए एक व्यक्ति अंदर उतरा था। उसके बाहर नहीं आने पर एक के बाद एक तीन अन्य लोग भी चैंबर में उतर गए और सभी अंदर फंस गए। मृतकों में कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद और मनोज मीणा की पहचान हुई है, जबकि चौथे मृतक की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है।

सूचना मिलने पर माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। चैंबर का गेट खोलने में परेशानी आने पर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगवाई। इसकी मदद से गेट काटकर रास्ता बनाया गया। चैंबर के फर्श पर अधिक फिसलन होने के कारण बचाव कार्य में भी कठिनाई आई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें दो मिनट से अधिक समय तक सीपीआर दिया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

बताया गया कि चार लोगों के अंदर फंसने के बाद हेमराज नाम का पांचवां सफाईकर्मी भी चैंबर में गया था, लेकिन घबराहट और बेहोशी महसूस होने पर वह बाहर आ गया। वहीं, फंसे लोगों को बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक शर्मा भी मौके पर पहुंचे और बचाव दल को निर्देश दिए।

 

 

Next Post

जर्मनी में जीवन-यापन की बढ़ती लागत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसक हुए, दुकानों में लूटपाट

Sun Nov 1 , 2026
फ्रैंकफर्ट 01, नवंबर (वार्ता) जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में ‘जेन जेड रेगेल्ट’ नामक समूह द्वारा आयोजित देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हथियारों की एक दुकान की खिड़की तोड़ने की कोशिश की। यह प्रदर्शन स्कूलों को कम राशि मिलने, शिक्षा, सामाजिक सेवाओं, संस्कृति और स्वास्थ्य सेवा में कटौती, जीवन-यापन की […]

You May Like