इंदौर:बड़ी भमोरी के राम नगर में एक मकान के अंदर अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर भरे सिलेंडरों से खाली सिलेंडरों में गैस भरने का काम किया जा रहा था. पुलिस ने शनिवार को छापा मारकर पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया. मौके से घरेलू और कमर्शियल 49 गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मशीन और तौल कांटा जब्त किया है.
विजय नगर पुलिस क्षेत्र में त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भ्रमण कर रही थी.
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ी भमोरी के राम नगर में एक व्यक्ति अपने मकान में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उनमें रिफिलिंग कर रहा है. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया. पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश सोलंकी उम्र 56 साल और उसके बेटे निलेश सोलंकी उम्र 33 साल, निवासी 67 बड़ी भमोरी के रूप में हुई है.
पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जब्त सिलेंडरों में घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडर शामिल हैं. मामले में डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. इसी दौरान बड़ी भमोरी में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण और रिफिलिंग की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर कार्रवाई कर 49 सिलेंडर और रिफिलिंग के उपकरण जब्त किए हैं. मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
